पुरी के होटल में छिपा था ममता का करीबी विधायक… देर रात रेड में गिरफ्तार, बंगाल की राजनीति में मचा भूचाल
धमकी वाले वायरल वीडियो के बाद एक्शन, बेटे समेत पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 5 लोग; अब TMC पर बढ़ा दबाव

कोलकाता।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले टीएमसी विधायक दिलीप मंडल को पुलिस ने पुरी के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि विधायक कई दिनों से फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार देर रात हुई छापेमारी में पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
दिलीप मंडल 24 परगना जिले की बिष्णुपुर सीट से टीएमसी विधायक हैं। उन पर दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी देने का आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
वायरल वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह
दरअसल कुछ दिन पहले दिलीप मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह कथित तौर पर विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं को धमकाते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू की और विधायक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज कर लिया। शिकायत के बाद 14 मई को पुलिस ने उनके घर पर भी छापा मारा था, लेकिन तब तक वह फरार हो चुके थे।
पुरी के होटल में छिपा था विधायक
सूत्रों के मुताबिक बंगाल पुलिस की एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दिलीप मंडल ओडिशा के पुरी स्थित एक होटल में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसटीएफ और डायमंड हार्बर पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने होटल के कमरे से विधायक को हिरासत में लिया और अब ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें कोलकाता लाया जा रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
बेटे समेत 5 लोग पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही विधायक के बेटे अर्घ्य मंडल समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अर्घ्य मंडल पर हथियार रखने और इलाके में अशांति फैलाने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने बक्खाली-फ्रेजरगंज इलाके में बड़ा ऑपरेशन चलाकर उन्हें पकड़ा था।
TMC पर बढ़ता दबाव
एक तरफ पार्टी के अंदर इस्तीफों का दौर चल रहा है, तो दूसरी तरफ करीबी नेताओं की गिरफ्तारी ने ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाल ही में टीएमसी सांसद काकोली घोष ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया था, जबकि बड़ी संख्या में पार्षदों के इस्तीफे ने भी राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी।
अब दिलीप मंडल की गिरफ्तारी ने बंगाल की राजनीति को और ज्यादा गर्म कर दिया है। विपक्ष लगातार टीएमसी पर कानून व्यवस्था और राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगा रहा है।









