रूह कंपाने वाला हादसा….हनुमान मंदिर में चल रहा था पाठ, तभी तेज रफ्तार डंपर पंडाल चीरता हुआ घुसा; मासूम समेत 3 की दर्दनाक मौत

सुंदरकांड के बीच मौत का तांडव! मंदिर में बैठे श्रद्धालुओं पर पलटा बेकाबू डंपर, चीखों से कांप उठा पूरा गांव

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मंगलवार शाम ऐसा भयावह हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। हनुमान मंदिर में श्रद्धालु सुंदरकांड का पाठ सुन रहे थे, माहौल भक्ति में डूबा था, तभी अचानक मौत बनकर एक बेकाबू डंपर पंडाल में घुस गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।

यह दर्दनाक हादसा अमरोहा के गांव मिलक छावी में हुआ, जहां सड़क किनारे बने प्राचीन हनुमान मंदिर में हर सप्ताह धार्मिक आयोजन होता है। मंगलवार शाम भी मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ चल रहा था। आसपास के कई गांवों से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग वहां पहुंचे हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही सेकंड में पूरा दृश्य खौफनाक मंजर में बदल जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बजरी से भरा डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। पहले वह सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर सीधे मंदिर परिसर में बने पंडाल को रौंदते हुए अंदर जा घुसा। भारी डंपर के नीचे दबते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। हर तरफ चीखें गूंजने लगीं।

हादसे में मिलक छावी निवासी 70 वर्षीय परम सिंह, नारायणपुर निवासी 42 वर्षीय महिपाल और पांच वर्षीय मासूम आर्यवीर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आर्यवीर अपने ननिहाल आया हुआ था और परिवार के साथ सुंदरकांड सुनने पहुंचा था। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने महिपाल का शव सड़क पर रखकर कांठ रोड जाम कर दिया। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसके बाद अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाया।

मंदिर परिसर में बिखरी कुर्सियां, टूटा पंडाल और खून से सना मंजर देर रात तक लोगों को झकझोरता रहा। गांव में मातम पसरा है और हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक सवाल है — आखिर इतनी भीड़ के बीच मौत बनकर दौड़ता डंपर वहां तक पहुंचा कैसे?

Related Articles

close