पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर भड़के खरगे! बोले- आखिर किसकी जेब भर रही सरकार? जनता पर महंगाई का डबल हमला
8 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम तो कांग्रेस का बड़ा हमला, खरगे ने पूछा- “इस लूट की किश्त किसे जा रही है?”

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर देश की राजनीति फिर गरमा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल के दाम में सिर्फ आठ दिनों के भीतर तीसरी बार बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद सरकार ने जनता को कोई राहत नहीं दी। उल्टा पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी टैक्स लगाकर लोगों से लगातार वसूली की गई। अब जबकि वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया में तनाव का माहौल है, तब भी सरकार ईंधन की कीमतें बढ़ाकर आम लोगों पर बोझ डाल रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल पर केंद्र सरकार रोजाना करीब 1000 करोड़ रुपये का टैक्स वसूल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता था, तब जनता को उसका फायदा क्यों नहीं दिया गया।
खरगे ने कई देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के दौरान इटली, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड जैसे देशों ने अपनी जनता को राहत देने के लिए टैक्स घटाए और राहत पैकेज दिए। लेकिन भारत में इसके उलट पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पूछा, “इस लूट की किश्त आखिर किस-किस को जा रही है?” खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार के भीतर नेतृत्व संकट साफ दिखाई दे रहा है और अब देश की जनता भी इसे समझने लगी है।
ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों के बजट पर साफ दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा हुआ है।









