गिरिडीह। कल्पना सोरेन के नामांकन के बहाने JMM अपना शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। पार्टी ने कल्पना सोरेन के इलेक्शन डेब्यू को सुपरहिट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, लिहाजा कल नामांकन के दौरान पार्टी के दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के अलावे विधायकों की भी कल गांडेय में जुटान होगी। अभी तक के कार्यक्रम के मुताबिक कल्पना सोरेन नामांकन दाखिल करने को लेकर सड़क मार्ग से समाहरणालय के लिए निकलेंगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष 12.30 बजे से लेकर एक बजे के बीच नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित है।

आपको बता दें कि गांडेय उपचुनाव के लिए नामांकन करने को लेकर रविवार को ही झामुमो प्रत्याशी कल्पना मुर्मू सोरेन हेलीकॉप्टर से गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचीं थी। यहां पर राज्य सभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने उनका स्वागत किया। यहां से वह उत्सव उपवन गयीं। देर रात तक पार्टी के नेताओं के बीच गांडेय के मुद्दे पर चर्चा हुई है।

कल्पना सोरेन के नामिनेशन में मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे, इसके लिए, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज सुबह 11 बजे गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वो कल्पना सोरेन के साथ नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समाहरणालय जायेंगे।नामांकन के दौरान मंत्री बसंत सोरेन, स्थानीय विधायक सहित इंडिया गठबंधन के नेता मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कल्पना सोरेन, बसंत सोरेन समेत गठबंधन के नेता संबोधित करेंगे।

कल से कल्पना सोरेन का क्षेत्र में चुनावी दौरा शुरू हो जायेगा। पूर्व कार्यक्रम के तहत नामांकन से पहले सभी धार्मिक स्थलों पर कल्पना सोरेन के माथा टेकने का कार्यक्रम था, लेकिन उनके चाचा ससुर (शिबू सोरेन के भाई) का निधन होने के कारण छुतका हो गया है। इस कारण माथा टेकने के लिए धार्मिक स्थलों में जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। 29 अप्रैल को कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा क्षेत्र के गांडेय और बेंगाबाद में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद 30 अप्रैल को गांडेय विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगी।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...