स्कूल बस के पास मौत का तांडव, बच्चों के बीच कुचला गया खलासी, पलामू में दिल दहला देने वाला हादसा
बस में चढ़ते मासूमों के बीच घुसा तेज रफ्तार हाइवा, सेकंडों में उजड़ गया एक परिवार

पलामू। झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। रेहला थाना क्षेत्र के कधवन गांव में सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रहे बच्चों के बीच अचानक मौत का मंजर खड़ा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव में दो स्कूल बसें खड़ी थीं और बच्चे उनमें सवार हो रहे थे। इसी दौरान 60 वर्षीय नूर मोहम्मद, जो बस में खलासी के रूप में कार्यरत थे, बच्चों को सुरक्षित बस में बैठाने में लगे हुए थे। तभी अचानक पीछे से तेज रफ्तार हाइवा आ धमकी और एक बस को जोरदार टक्कर मारते हुए नूर मोहम्मद को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में चढ़ रहे बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, नूर मोहम्मद पिछले 7-8 वर्षों से स्कूल बस में खलासी के रूप में काम कर रहे थे और बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहते थे। लेकिन आज वही जिम्मेदारी निभाते हुए उनकी जान चली गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से मुआवजे की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि स्कूलों के आसपास वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम आखिर कब होंगे।









