झारखंड में रोजगार का बड़ा दिन…CM हेमंत सोरेन ने 336 अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र, युवाओं में दिखी नई उम्मीद
A Landmark Day for Employment in Jharkhand: CM Hemant Soren Distributes Appointment Letters to 336 Candidates; New Hope Sparked Among the Youth

रांची के प्रोजेक्ट भवन में सोमवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह युवाओं के लिए यादगार पल बन गया। झारखंड सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं समेत कुल 336 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलते ही युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और पूरे समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा।कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
CM हेमंत बोले- युवाओं को रोजगार देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और आने वाले समय में और युवाओं को नौकरी का अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ नियुक्तियां देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने पर भी है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी ईमानदारी से काम करने की अपील की।
सरकार गंभीरता से कर रही रोजगार सृजन का काम: संजय यादव
मंत्री संजय यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में रोजगार को लेकर लगातार सकारात्मक काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए पूरी गंभीरता के साथ प्रयास कर रही है और यही वजह है कि लगातार नियुक्तियां की जा रही हैं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में बहाली प्रक्रिया तेज होगी, जिससे हजारों युवाओं को लाभ मिलेगा।
शिक्षकों की जिम्मेदारी सबसे अहम: राधा कृष्ण किशोर
संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने नव नियुक्त शिक्षकों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नौकरी मिलने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है।उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि वे आने वाली पीढ़ी का भविष्य तैयार करते हैं। इसलिए सभी शिक्षकों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
शिबू सोरेन की सोच को आगे बढ़ा रही सरकार
राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण और विकास में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसी विचारधारा और संकल्प के साथ राज्य को विकास की नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और आधारभूत विकास पर लगातार फोकस कर रही है ताकि राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर और मजबूत भविष्य मिल सके।
लंबे इंतजार के बाद मिली नौकरी, परिवारों में जश्न जैसा माहौल
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार के प्रति आभार जताया। कई युवाओं ने कहा कि लंबे समय से नौकरी का इंतजार था और अब नियुक्ति मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। कई अभ्यर्थियों ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा दिन बताया।









