VIDEO: गुरुद्वारे में खूनी खेल… धार्मिक स्थल के अंदर दो गुटों की हिंसक भिड़ंत…मिर्ची स्प्रे से लेकर फायरिंग तक मचा हड़कंप

चाकू, कृपाण और गोली की गूंज से दहला जर्मनी, 11 घायल


जर्मनी से एक बेहद चौंकाने वाली और डर पैदा करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गुरुद्वारे के भीतर अचानक ऐसा खूनी संघर्ष छिड़ गया, जिसने वहां मौजूद लोगों में दहशत फैला दी। Germany के मोर्स शहर के डुइसबर्ग इलाके में स्थित एक सिख गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में कम से कम 11 लोग घायल हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि धार्मिक परिसर के अंदर ही लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान न सिर्फ हाथापाई हुई, बल्कि चाकू और कृपाण जैसे धारदार हथियारों का भी खुलेआम इस्तेमाल किया गया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि मिर्ची स्प्रे तक का इस्तेमाल किया गया और फायरिंग की भी खबर सामने आई है।

Bild की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिंसक झड़प में करीब 40 लोग शामिल थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए जर्मन पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और विशेष सामरिक इकाइयों को मौके पर तैनात किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला अचानक नहीं था, बल्कि पहले से योजना बनाकर किया गया लग रहा था। एक 56 वर्षीय सदस्य ने बताया कि सेवा शुरू होने से ठीक पहले हमलावरों ने अचानक पेपर स्प्रे निकाला और विरोधियों पर हमला बोल दिया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए, जब एक व्यक्ति ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी और कई लोगों के हाथों में चाकू भी दिखाई दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद गुरुद्वारे के नए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चुनाव और फंड के नियंत्रण को लेकर शुरू हुआ हो सकता है। बताया जा रहा है कि पुराने और नए सदस्यों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो इस बार हिंसा में बदल गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद पैरामेडिक्स और आपातकालीन चिकित्सकों ने घायलों का इलाज किया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस खौफनाक झड़प में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इसने धार्मिक स्थल की सुरक्षा और आंतरिक विवादों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Related Articles

close