अचानक ठहर गई पीएम की गाड़ी… झालमुड़ी की दुकान पर जो हुआ, सुनकर ठहाकों से गूंज उठा पूरा इलाका
प्याज पर पीएम का जवाब बना चर्चा का विषय, 10 मिनट की मुलाकात ने सोशल मीडिया पर मचा दिया हलचल

झाड़ग्राम।
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में चुनावी सभा के बाद उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री Narendra Modi अचानक एक छोटी सी दुकान पर रुक गए। यहां उन्होंने न सिर्फ स्थानीय स्वाद ‘झालमुड़ी’ का आनंद लिया, बल्कि अपनी बातों से ऐसा माहौल बना दिया कि आसपास खड़े लोग हंसी से खिलखिला उठे।
झालमुड़ी बनाते समय दुकानदार ने जब उनसे पूछा कि क्या उसमें प्याज डालूं, तो प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया— “मैं प्याज खाता हूं, दिमाग नहीं।” उनका यह अंदाज सुनते ही वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
पीएम जिस दुकान पर पहुंचे, वह बिक्रम साव नाम के युवक की थी, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और अपने परिवार के साथ बंगाल में रहकर रोजी-रोटी कमा रहा है। बिक्रम ने बताया कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री उसकी दुकान पर आकर झालमुड़ी खाएंगे।
उसने प्रधानमंत्री के लिए खास तौर पर झालमुड़ी तैयार की और पैसे लेने से इनकार कर दिया, लेकिन प्रधानमंत्री ने जबरदस्ती उसे 10 रुपये दे दिए। खाते हुए उन्होंने स्वाद की तारीफ भी की।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने दुकानदार से उसकी पढ़ाई और आमदनी के बारे में भी बातचीत की। बिक्रम ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह ज्यादा पढ़ नहीं सका और रोजाना करीब 1000 से 1200 रुपये कमा लेता है। करीब 10 मिनट तक चली इस मुलाकात में प्रधानमंत्री ने राजनीति की कोई चर्चा नहीं की।
इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री ने अपने दोने में से पास खड़े लोगों को भी झालमुड़ी खिलाई, जिससे वहां का माहौल और भी अपनापन भरा हो गया।
इस पूरी मुलाकात का वीडियो प्रधानमंत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे ‘मुड़ी पे चर्चा’ नाम देकर खूब शेयर कर रहे हैं और प्रधानमंत्री के इस देसी अंदाज की जमकर चर्चा हो रही है।









