जूतों से शुरू हुआ झगड़ा बना खून की कहानी: बड़े भाई ने कैंची से छोटे को उतारा मौत के घाट

महाराजगंज में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, घर के अंदर ही रिश्तों का हुआ कत्ल

जूतों से शुरू हुआ झगड़ा बना खून की कहानी: बड़े भाई ने कैंची से छोटे को उतारा मौत के घाट

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की नींव तक हिला दी है। महज नए जूते पहले पहनने की जिद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। इस मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना खतरनाक हो गया कि सगे भाई ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा नौका टोला गांव की है, जहां सोमवार को सूरज शर्मा (16) और उसके छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15) के बीच नए जूतों को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई। गुस्से में बेकाबू हुए सूरज ने पास में रखी कैंची उठाई और लक्ष्मण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में लक्ष्मण के सिर और हाथों पर गहरी चोटें आईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत घुघली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक ही घर में हुए इस खौफनाक वारदात ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर गुस्से का एक पल किस तरह जिंदगीभर का पछतावा बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close