गाड़ी रुकी…और मौत दौड़ पड़ी: बेकाबू हाथी ने ड्राइवर को कुचला,देखते ही देखते खून से लथपथ हुआ पूरा मंजर
मंदिर उत्सव से पहले मचा खौफनाक तांडव, देखते ही देखते खून से लथपथ हुआ पूरा मंजर

केरल के Angamaly से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेकाबू हाथी ने अचानक ऐसा तांडव मचाया कि मौके पर ही एक शख्स की मौत हो गई, जबकि महावत गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना किडांगूर महाविष्णु मंदिर के पास हुई, जहां एक मंदिर उत्सव के लिए हाथी को लाया गया था। जैसे ही गाड़ी रुकी और ड्राइवर नीचे उतरा, तभी हाथी अचानक भड़क उठा और उसने हमला कर दिया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान कोल्लम निवासी विष्णु के रूप में हुई है, जो उसी वाहन को चला रहा था जिसमें हाथी को लाया गया था। बताया जा रहा है कि विष्णु हाथी को काबू करने की कोशिश कर रहे थे, तभी वह उसके गुस्से का शिकार हो गए। हाथी ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस दौरान हाथी के महावत प्रदीप भी उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी ने अचानक उग्र रूप ले लिया और आसपास मौजूद लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खौफनाक मंजर साफ दिखाई दे रहा है—सड़क पर खून से लथपथ पड़ा ड्राइवर और बेकाबू हाथी का तांडव।
बताया जा रहा है कि इस हाथी का नाम ‘मय्यनाड पार्थसारथी’ है, जिसे पास के एक अन्य मंदिर में होने वाले उत्सव के लिए लाया गया था। लेकिन अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर हाथी अचानक क्यों भड़क गया।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। विष्णु की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा हो रही है।









