पूर्व विधायक की भतीजी से रेप की कोशिश व मर्डर मामला : युवती और उसके प्रेमी के हत्यारे को उम्रकैद की सजा, ये था पूरा मामला

मुंगेर। पूर्व विधायक की भतीजी के रेप की कोशिश और हत्या मामले में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनवायी गयी है। दानिश ने युवती और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। युवती कोटा में मेडिकल की तैयारी कर रही थी। आरोपी ने प्रेमी युगल रिया व आरिफ की हत्या की थी। इस मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गुंजन पांडेय के न्यायालय में सुजावरपुर गांव निवासी आरोपित मु. दानिश आजीवन कारावास व आर्म्स एक्ट मामले में तीन वर्ष की सजा सुनाई। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। साथ ही न्यायालय ने 20 हजार का अर्थदंड भी लगाया है।
जानकारी के मुताबिक रिया मुंगेर के पूर्व राजद विधायक विजय कुमार विजय की भतीजी थी। मृतिका रिया और उसका प्रेमी आरिफ कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी करते थे। छुट्टी में दोनों घर आए थे। 20 सितंबर 2019 की रात आरोपित दानिश ने प्रेमी युगल को हथियार उपलब्ध कराने के बहाने मुंगेर सदर प्रखंड कार्यालय के निकट स्थित छात्रावास के पास बुलाया था। साथ ही दानिश ने अपने अन्य तीन सहयोगियों को भी बुलाया था।
दानिश ने रिया के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की, लेकिन रिया के बचाव के कारण वह अपने गंदे इरादों में सफल नहीं हो सका। इसके बाद दानिश ने रिया की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दानिश ने उसके प्रेमी आरिफ को भी गोली मार दी। पहले बताया गया कि प्रेमी जोड़े ने सुसाइड किया है, लेकिन जब दानिश की गिरफ्तारी के बाद हत्या का मामला सामने आया था।









