रांची : पुलिस जवान मौत मामले में आया नया अपडेट, मामला संदिग्ध

रांची : पुलिस लाइन में पदस्थापित जवान की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. उनके गर्दन पर रस्सी के गहरे जख्म के निशान मिले हैं. जवान अभिषेक कुमार सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मंदिर के पास स्थित माचिस गली में विनोद कुमार के मकान में किरायेदार के रूप में रहते थे.

अभिषेक की पत्नी अक्षरा कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि मंगलवार की देर रात खाना खाने के बाद उनके पति को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और कुछ देर बाद ही वे उल्टियां करने लगे. इसके बाद अभिषेक कुमार को अक्षरा कुमारी आनन-फानन में सेवा सदन अस्पताल ले गईं. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने अभिषेक को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी, जिसके बाद अक्षरा कुमारी अपने पति अभिषेक को लालपुर थाना क्षेत्र स्थित आर्किड अस्पताल में ले गईं, जहां इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई.

मृत जवान अभिषेक के गले पर फांसी के फंदे पर लटकाने जैसा निशान मिला है. पुलिस ने अभिषेक की पत्नी का बयान लिया है, जिसमें पत्नी ने मौत का कारण बीमारी बताया है. लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत कैसे हुई, इसका पता चल पाएगा. अभिषेक कुमार मुंगेर जिले के रहने वाले थे.

आरक्षी केंद्र के आरएसएम अभिनव पाठक ने बताया कि पिछले रामनवमी के समय अवकाश पर कहीं जाते समय जवान अभिषेक जख्मी हो गए थे। इसके बाद से वह सहारा के साथ चलते-फिरते थे और स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। शरीर से बीमार होने की वजह से दुर्घटना के बाद वह ड्यूटी पर नहीं थे। इसके बावजूद वह नियमित रूप से पुलिस लाइन में अपनी हाजिरी बनाते थे और उनको नियमित रूप से वेतन मिल रहा था। उन्होंने पुलिसकर्मियों द्वारा प्रताड़ना से आहत होकर जवान अभिषेक द्वारा आत्महत्या करने को गलत बताया है।

Related Articles

close