हवा में 4 घंटे तक ‘फंसी’ फ्लाइट, अंदर दहशत का मंजर: यात्री रोए, प्रार्थनाएं गूंजती रहीं… आखिरी पल में टला बड़ा हादसा

हैदराबाद से उड़ी फ्लाइट में अचानक आई तकनीकी खराबी, लैंडिंग टली तो आसमान में मंडराता रहा खतरा

नई दिल्ली।
हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 एयरलाइंस की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीच उड़ान में तकनीकी खराबी आ गई और विमान करीब चार घंटे तक आसमान में ही चक्कर लगाता रहा। इस दौरान यात्रियों के बीच डर और घबराहट इतनी बढ़ गई कि कई लोग रो पड़े, तो कई प्रार्थना करने लगे।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट IC3401 ने दोपहर करीब 3 बजे Rajiv Gandhi International Airport से उड़ान भरी थी और इसे शाम 4:30 बजे हुबली पहुंचना था। लेकिन गंतव्य के पास पहुंचते ही विमान में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके चलते पायलटों को लैंडिंग रोकनी पड़ी।

स्थिति को संभालने के लिए विमान को लगातार हवा में उड़ाया गया। यह मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर कई घंटों तक चक्कर लगाता रहा। अंदर बैठे यात्रियों के लिए हर मिनट भारी पड़ रहा था। केबिन के भीतर सन्नाटा, डर और बेचैनी साफ महसूस की जा रही थी।

यात्रियों के परिजनों ने भी इस दौरान एयरलाइंस पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी गई और स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट अपडेट नहीं मिला, जिससे चिंता और बढ़ गई।

आखिरकार, जोखिम को देखते हुए विमान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया। शाम करीब 7:30 बजे फ्लाइट ने Kempegowda International Airport पर सुरक्षित लैंडिंग की। जैसे ही विमान जमीन पर उतरा, यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था और सूचना प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तकनीकी खराबी के कारण टले इस बड़े हादसे ने यात्रियों के दिलों में लंबे समय तक डर छोड़ दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close