रांची: झारखंड में आज से मौसम बदलने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने 11 से 13 सितंबर तक के लिए झारखंड में बारिश का अलर्ट जारी कियाहै। मौसम विभाग के अनुसार बदले मौसम का असर रविवार से दिखने लगेगा। मौसम केंद्र के मुताबिक इसका असर बोकारो, चतरा, देवघर, दुमका, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गोड्डा, खूंटी, पलामू, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम जिले के कुछ भागों में बारिश का असर दिख सकता है।

मौसम विभाग की मानें तो एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी-उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश-दक्षिण तटीय उड़ीसा के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस मौसमी तंत्र के अगले 36 घंटे में और प्रबल होने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका जैसलमेर, उदयपुर, जलगांव, रामागुंडम, और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर निम्न दाब के केंद्र तक माध्य समुद्र तल पर स्थित है। प्रदेश में रविवार 11 सितंबर को अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।

प्रदेश में तापमान बढ़ा

झारखंड में एक जून से 9 सितंबर तक 26 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। पिछले तीन माह में राज्य में जितनी बारिश होने की उम्मीद थी, उससे कहीं कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी तक सबसे अच्छी बारिश पूर्वी सिंहभूम में 6 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम में तीन प्रतिशत ही कम बारिश हुई है।


इधर, राजधानी रांची में 7 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। सबसे कम वर्षा पाकुड़ जिले में 67 प्रतिशत कम हुई, जबकि साहेबगंज में 62 प्रतिशत कम बारिश हुई। गढ़वा, गोड्डा व जामताडा में 50 प्रतिशत से कम बारिश दर्ज की गई है। अन्य जिलों में भी उम्मीद से कम बारिश हुई है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...