मम्मी-पापा माफ कर देना… IPS-जज दंपति की बेटी ने कमरे में उठाया खौफनाक कदम, सुसाइड नोट पढ़ रो पड़ा पूरा परिवार
तीन महीने की उम्र में गोद लेकर पाला, आखिरी चिट्ठी में लिख गई ऐसा दर्द जिसने सबको तोड़ दिया

भोपाल। राजधानी भोपाल के पॉश चार इमली इलाके से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और जज दंपति की 17 वर्षीय बेटी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जान दे दी। घटना के बाद घर में ऐसा मातम पसरा है, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।
सबसे ज्यादा दर्द उस एक पन्ने ने दिया, जो लड़की अपने पीछे छोड़ गई। उसमें उसने लिखा — “मम्मी-पापा, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं… लेकिन अच्छी बेटी नहीं बन सकी। आई एम सॉरी।”
इस एक लाइन ने पूरे परिवार को अंदर तक तोड़ दिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतका भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित चार इमली इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। उसके पिता संजीव कंचन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि मां रेणुका कंचन गैस राहत कोर्ट में जज के पद पर पदस्थ हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की। वहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, लेकिन उसमें आत्महत्या की स्पष्ट वजह का जिक्र नहीं मिला। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक हाल ही में मोबाइल फोन को लेकर बेटी को समझाइश दी गई थी। मां रेणुका कंचन ने बताया कि मोबाइल उन्होंने नहीं दिलाया था। फोन देखने के बाद उससे कुछ सवाल किए गए थे और उसे समझाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि वह इसी बात से परेशान हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि छात्रा भोपाल के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ती थी। पढ़ाई में उसका प्रदर्शन भी कुछ समय से अच्छा नहीं चल रहा था। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
इस घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि आईपीएस और जज दंपति ने उसे महज तीन महीने की उम्र में गोद लिया था। अपनी संतान की तरह प्यार देकर बड़ा किया, हर सुख-सुविधा दी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि एक दिन वही बेटी ऐसी खामोश विदाई चुन लेगी।
फिलहाल हबीबगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिवार और करीबी लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे, ताकि इस दर्दनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।









