रांची में विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश…सीएम हेमंत सोरेन ने जलस्रोत संरक्षण से लेकर स्मार्ट सिटी तक दिए कड़े आदेश
Directives Issued to Accelerate the Pace of Development Projects in Ranchi... CM Hemant Soren Issues Strict Orders Ranging from Water Source Conservation to the Smart City Initiative.

हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जनता से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी काम तय समयसीमा में पूरे होने चाहिए।
योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और कचरा निस्तारण को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जलस्रोतों पर कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
रांची में नदियों, तालाबों और डैमों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीर मुद्दा बताते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों की पहचान कर नोटिस जारी किया जाए और पालन नहीं करने पर प्राथमिकी दर्ज कर ध्वस्तीकरण किया जाए।
कांके डैम संरक्षण के लिए विशेष योजना
मुख्यमंत्री ने कांके डैम के संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि डैम में गिरने वाले नालों को बंद किया जाए और कैचमेंट एरिया की घेराबंदी कर जल स्रोत को प्रदूषण से बचाया जाए।
रांची स्मार्ट सिटी परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
सौर ऊर्जा और हरित पहल पर जोर
सीएम ने रिंग रोड के किनारे सोलर पैनल लगाने और सोलर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले पंद्रह दिनों में प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में लाने को कहा।
हर घर में जल संरक्षण और कचरा प्रबंधन अनिवार्य करने की योजना
मुख्यमंत्री ने हर घर, अपार्टमेंट और होटल में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील भी की।
झिरी कचरा ढेर के समाधान पर विशेष फोकस
झिरी क्षेत्र में जमा पुराने कचरे के निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कचरे से ऊर्जा और खाद बनाने की योजना पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल मॉनिटरिंग से होगी परियोजनाओं की निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं की निगरानी डिजिटल प्रणाली से की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे और कार्य समय पर पूरे हों।इस बैठक में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









