धनबाद । उप विकास आयुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने गुरुवार को तोपचांची प्रखंड के नेरो पंचायत का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नेरो पंचायत में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) अंतर्गत जल छाजन मिशन से निर्माण किया जा रहा अमृत सरोवर, राजकीय मध्य विद्यालय नेरो, आंगनबाड़ी सहित अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कहा कि सरोवर के मेड पर पेड़ पौधा लगाएं ताकि मिट्टी रूकी रहे और सरोवर का जल स्तर भी बना रहे। अमृत सरोवर तक पहुंच पथ बनाने के लिए उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को वन प्रमंडल पदाधिकारी से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट प्राप्त कर मनरेगा से मिट्टी मोहर्रम पथ का निर्माण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण करते डीडीसी

इसके बाद उन्होंने राजकीय मध्य विद्यालय नेरो का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी से विचार विमर्श करने व स्कूल की अन्य समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। वहीं मिड डे मील की गुणवत्ता को सुधारने तथा ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या कम करने के लिए अभिभावकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के पश्चात उन्होंने कहा ग्रामीणों से मिली सिंचाई की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। अमृत सरोवर का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। कुछ बुनियादी चीजों की कमी दिखी, जिसको दूर करने का निर्देश तोपचांची के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को दिया है।

इस मौके पर डीडीसी के साथ तोपचांची के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री राजेश एक्का, जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री रामेश्वर सिंह, डीआरडीए के परियोजना पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, श्री मनीष कुमार तथा संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...