रामगढ़: भदानीनगर के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र अमझरिया व लोवाडीह के बीच स्थित झांजीटोली में अपराधियों ने आजसू नेता मनोज मुंडा (35 वर्ष) की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना बुधवार शाम तकरीबन साढ़े 6 बजे की है। चिट्टी निवासी मनोज मुंडा झांजीटोली हाट में चल रहा मुर्गा लड़ाई देखने गया था। इसी दौरान तीन लोग उसे पकड़ कर हाट से दूर ले गए और उसके सिर पर तीन गोलियां दाग दी। इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए और घायल मनोज को लेकर रांची रिम्स के लिए रवाना हो गए।

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पतरातू एसडीपीओ डॉ वीरेंद्र चौधरी, सर्किल इंस्पेक्टर रोहित महतो, भदानीनगर ओपी प्रभारी दुर्गाशंकर मंडल, बासल प्रभारी अमर शुक्ला, पतरातू प्रभारी गौतम कुमार और बरकाकाना प्रभारी शशि प्रकाश के साथ सशस्त्र बल के जवान घटना स्थल पर पहुंचे। यहां ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश में आसपास के गांव व टोलों में छापामारी अभियान भी चलाया। इधर घटना के बावत ग्रामीणों ने बताया कि मनोज मुंडा अपने मित्रों के साथ बैठे थे, तभी वहां 3 लोग आए और उसे जबरन किनारे ले गए। थोड़ी देर के बाद उन्होंने तीन गोलियों की आवाज सुनी। जब वे गोली चलने वाली जगह पर पहुंचे तो देखा मनोज जमीन पर लहु-लुहान पड़ा है। इधर रांची रिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने मनोज मुंडा को मृत घोषित कर दिया।

पतरातू एसडीपीओ डॉ वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मनोज मुंडा के हत्यारों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। घटना के बाद पुलिस लगातार झांजीटोला में कैंप कर रही है। आसपास के गांव व टोला में संदिग्धों की धर-पकड़ के लिए छापामारी भी किया जा रहा है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...