BJP प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार: हिमंता ने बताया कि झारखंड में भाजपा कब करेगी टिकट का ऐलान ? इतने सीटों पर आज होगा फैसला

Jharkhand Vidhansabha Election: झारखंड में भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल कर लिये हैं। भाजपा का दावा है कि आचार संहिता लागू होते ही उसकी लिस्ट आ जायेगी। भाजपा ने कहा है कि जैसे ही चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होगी, उसके 24 से 48 घंटे में प्रत्याशियों का नाम घोषित कर दिया जाएगा।
मंगलवार को शाम सात बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई है। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा समेत प्रदेश चुनाव समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश चुनाव समिति की इस बैठक में पार्टी बाकी बचे सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का पैनल संसदीय बोर्ड को भेज देगी। वहां प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मोहर लगाई जाएगी। झारखंड में यह पहली बार है जब भाजपा तीन दलों के साथ चुनाव में उतर रही है। हिमंता ने कहा कि राजग के सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारा लगभग तय हो चुका है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्वाचन आयोग आदर्श आचार संहिता घोषित करेगा, हम 24 से 48 घंटे में अपनी पहली सूची जारी कर देंगे। हिमंता ने कहा कि हमें निर्वाचन आयोग की घोषणा का इंतजार है।भाजपा नेता ने कहा कि पांच या छह सीट को छोड़कर लगभग सभी सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि बचे हुए नामों पर भी फैसला जल्द ले लिया जाएगा। उन्होंने कि चुनाव समिति कल एक बार फिर बैठक करेगी, जिसके बाद पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक होगी।हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि सीट बंटवारे पर बनी सहमति के अनुसार सुदेश महतो के नेतृत्व वाली आजसू पार्टी 9-11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।









