बंगाल में गरजने आ रहे योगी, तीन रैलियों से बदलेगा खेल या बढ़ेगा सियासी टकराव

दूसरे चरण से पहले तेज हुई चुनावी जंग, योगी के दौरे से माहौल गरमाने के आसार


कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान पूरा होते ही अब दूसरे चरण को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। इस बीच योगी आदित्यनाथ के दौरे ने चुनावी माहौल में नई हलचल पैदा कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, योगी आज पश्चिम बंगाल में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, योगी का यह दौरा भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। वह पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के साथ-साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेंगे। उनकी पहली रैली नबद्वीप में होगी, जहां वे दोपहर करीब 1 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद वह कटवा में दूसरी रैली करेंगे और दिन का समापन बागदा में तीसरी जनसभा के साथ करेंगे।

तीनों स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए अलर्ट मोड पर है। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या योगी की रैलियां चुनावी समीकरण बदल पाएंगी या फिर सियासी टकराव और बढ़ेगा।

दौरे से पहले योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की हर गली, हर गांव और हर नगर में बदलाव की आवाज गूंज रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार अराजकता और गुंडागर्दी के खिलाफ निर्णायक जवाब देने के मूड में है।

गौरतलब है कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टीतृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस समेत सभी प्रमुख दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। ऐसे में योगी का यह दौरा न सिर्फ भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है, बल्कि इससे चुनावी माहौल और ज्यादा गरमाने की संभावना भी जताई जा रही है।

अब सबकी नजर इस बात पर टिक गई है कि इन रैलियों के बाद बंगाल की सियासत किस दिशा में करवट लेती है और क्या वाकई चुनावी हवा में कोई बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close