खुशियों से लौट रही बारात पर टूटा मौत का कहर… आधी रात ट्रक से टक्कर, 5 की मौके पर मौत, चीखों से गूंज उठा हाईवे

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में दर्दनाक हादसा, एक पल में मातम में बदली खुशी, 7 लोग गंभीर घायल


नर्मदापुरम। शादी की खुशियां लेकर लौट रही एक बारात पर ऐसा कहर टूटा कि पूरा माहौल चीख-पुकार में बदल गया। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक हादसा माखननगर थाना क्षेत्र के आंचलखेड़ा के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुआ। जानकारी के अनुसार, एक आदिवासी परिवार की बारात बुधनी से अपने गांव महेंद्रबाड़ी लौट रही थी। इसी दौरान बारात में शामिल एक कार की सामने से आ रहे सोयाबीन से लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान साहिल यादव (19), हरि सिंह यादव (57), विनीत यादव (22), शुभम मोरप्पा (18) और संतोष प्रजापति (45) के रूप में हुई है। सभी मृतक महेंद्रबाड़ी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा।

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सड़कों पर जरा सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। जो बारात खुशियां लेकर निकली थी, वही कुछ ही पलों में गहरे मातम में बदल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close