सस्पेंड : महिला सिपाही से जवान ने की छेड़खानी व जबरदस्ती की कोशिश, होटल में की गंदी हरकत, शिकायत पर SP ने किया सस्पेंड

भोजपुर। महिला सिपाही से छेड़खानी मामले में जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला भोजपुर के चरपोखरी थाने का है। दरअसल महिला सिपाही और पुरूष पुलिस की टीम एक केस के सिलसिले में राज्य से बाहर गयी थी, इसी दौरान महिला सिपाही के साथ उसी थाने के एक जवान ने छेड़खानी और जबरदस्ती करने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक इसी महीने छह जुलाई को महिला एक पुरुष सिपाही के साथ केस के अनुसंधान के लिए गुजरात के सूरत शहर में गई थी। सभी एक होटल के अलग-अलग कमरे में ठहरे थे। आरोप है कि पुरुष सिपाही ने होटल के कमरे में प्रवेश कर महिला सिपाही के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।

इस मामले में गुजरात से लौटने के बाद महिला सिपाही ने थाने के अफसरों को शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने सिपाही रोशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इधर, पीड़ित महिला ने इसे लेकर आरा के महिला थाना में एफआइआर दर्ज कराई है, जिसके आधार पर अभी जांच चल रही है।

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुरुष सिपाही को निलंबित करते हुए आंतरिक जांच समिति को जांच के साथ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कहा गया है।गौरतलब है कि हाल के वर्ष में महिला सिपाही से छेड़खानी का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले यहां के तत्कालीन थानाध्यक्ष पर छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इसी साल तीन फरवरी 2023 को थाने की महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के मामले में पूर्व थानाध्यक्ष दीपक झा पर निलंबन की गाज गिरी थी।

Related Articles

close