जमशेदपुर: 3 अक्टूबर को दुर्गा पूजा पंडाल के गेट के बाहर अमरनाथ गिरोह के रंजीत सिंह की हत्या मामले में उसकी बेटी का एक वीडियो सामने आया है। पिता की हत्या की चश्मदीद बेटी ने एक वीडियो जारी कर बताया है कि सफेद शर्ट पहने एक अंकल ने पिता के पीठ पर गोली मारी और दूसरे अंकल ने उनके सिर पर गोली मारी।

बेटी ने दोनों के फोटो भी दिखाएं। इन फोटो में करणी सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश सिंह और सरबजीत सिंह शब्बो दिख रहे हैं। यानी बेटी के मुताबिक शब्बो ने पीठ पर गोली मारी और गणेश ने सिर पर। वीडियो में बेटी तस्वीर दिखाते दिख रही है। उसने कहा कि वाइट शर्ट वाले अंकल ने पहले पिता को पीठ पर गोली मारी थी फिर उसके साथ आए एक अंकल ने पिता के सिर में गोली मारी। पिता उसे और अपने दो दोस्तों को लेकर दुर्गा पूजा घूमने गए थे। इसी दौरान पिता की गोली मारकर हत्या की गई। बेटी ने उसके पिता की हत्या करने वाले अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

गणेश की तलाश में कई जगह मारे छापे

रंजीत सिंह हत्याकांड के आरोपी गणेश सिंह, राजा सिंह, सरबजीत सिंह उर्फ छब्बो की तलाश में पुलिस की एक टीम को पंजाब भेजा गया है। शक है छब्बो और राजा सिंह पंजाब में छिपे हैं। पुलिस ने वहां रेड की लेकिन सफलता नहीं मिली। गणेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए बिहार में भी कई जगहों पर रेड करने की सूचना है। संभावना है कि तीनों कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं। गणेश सिंह पर आरोप है कि उसी ने रंजीत सिंह की हत्या के लिए सुपारी दी थी।

कड़ी सुरक्षा में चल रहा शोले का इलाज

इधर, रंजीत हत्याकांड में गिरफ्तार राहुल गुप्ता उर्फ शोले का एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है। इलाज के बाद पुलिस उसे घाघीडीह जेल शिफ्ट करेगी। रंजीत सिंह की हत्या के दूसरे दिन शोले ने उलीडीह में भी फायरिंग की थी। वहां से भागने के क्रम में उसका एक पैर फैक्चर हो गया था। उसे आर्थो वार्ड में भर्ती कराया गया था। लेकिन कुछ संदिग्ध लोगों के उसके पास जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने उसे कैदी वार्ड में शिफ्ट करवा दिया।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...