जमशेदपुर: छठ पूजा के सांस्कृति कार्यक्रम को लेकर रघुवर दास व सरयू राय समर्थकों में भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडा और बांस-बल्लियां चली। मारपीट में कई समर्थक लहूलुहान हो गये। कार्यक्रम स्थल पर कुर्सियां और टेबल भी तोड़ दिये गये। पूरा विवाद सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में छठ पूजा पर आयोजित सांस्कृति कार्यक्रम को लेकर हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली कमेटी 30 अक्टूबर को छठ पर गीत-संगीत के आयोजन की तैयारी में जुटी थी।

कार्यक्रम स्थल के पास ही विधायक सरयू राय के समर्थकों ने भी एक टेंट लगाया है। जहां तीन दिन तक भजन-कीर्तन होना था। रात करीब आठ बजे अचानक कुछ लड़के परिसर में घुसे और सरयू राय के टेंट को तोड़ दिया। इस पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव विरोध करने लगे, तो लड़कों ने सुबोध के साथ अन्य सरयू समर्थकों को भी पीटा। वहां रखी कुर्सियां उठाकर फेंकने लगे। इसी बीच सरयू समर्थक भी हमलावर हो गए, जिसके बाद दोनों ओर से मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष ने सिदगोड़ा थाना में एक-दूसरे के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद वहां काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर देर रात देखते ही देखते युद्ध का मैदान बन गया, जिसे जैसा मौका मिला, उसी से एक दूसरे पर हमला शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग चोटिल हो गये, तो कईयों का हाथ पैर टूटा और सर फट गया। जानकारी के मुताबिक शुरू से ही सरयू और रघुवर खेमे में तनातनी चल रही थी। 29 अक्टूबर को विधायक सरयू राय को छठ पूजा की सामग्री बांटनी थी। इसके लिए कुर्सी मंगाई व सजाई जा रही थी।

इसी दौरान वहां रघुवर दास के कथित समर्थक पहुंचे, जो लाठी-डंडे से लैस थे। पहुंचते ही भारतीय जनतंत्र मोर्चा के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं पर टूट पड़े। इसमें दोनों तरफ से करीब 15 लोग घायल हुए हैं।


विवाद की स्थिति बनते देख सोन मंडप के गेट पर ताला लगावा दिया। अधिकारियों ने कहा है कि यहां अब किसी तरह का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। सिदगोड़ा टाउन हाल परिसर में शुक्रवार रात हुए विवाद के बाद भारी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिदगोड़ा थाना पहुंचे। थाना के सामने धरना पर बैठ गए। कई दिनों से विवाद की स्थिति बन रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समर्थकों व विधायक सरयू राय समर्थक आमने सामने थे। शुक्रवार की रात वो विवाद बढ़ ही गया और मारपीट शुरू हो गयी।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...