झारखंड : फरक्का एक्सप्रेस में शराब तस्करी का खुलासा…RPF की छापेमारी में कोच अटेंडेंट गिरफ्तार…यात्रियों में मची अफरा-तफरी
Jharkhand: Liquor Smuggling Racket Exposed on Farakka Express... Coach Attendant Arrested During RPF Raid... Panic Ensues Among Passengers.

झारखंड: मालदा रेल मंडल में गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ, सीआईबी मालदा और ट्रेन एस्कॉर्ट टीम ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई चुनाव आचार संहिता के पालन के तहत की गई, जिसमें ट्रेन के अंदर अवैध शराब की तस्करी का खुलासा हुआ।
फरक्का एक्सप्रेस के कोच बी-6 में मिली विदेशी शराब
जानकारी के अनुसार अप फरक्का एक्सप्रेस के टिलडांगा स्टेशन के पास कोच बी-6 की तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोच अटेंडेंट ऋषि कुमार पांडेय के बैग से दो बैग में रखी विदेशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और उसने स्वीकार किया कि शराब को अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
बरहड़वा स्टेशन पर उतारकर की गई कार्रवाई
ट्रेन जैसे ही बरहड़वा स्टेशन पहुंची, आरपीएफ टीम ने आरोपी को शराब समेत नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया।
बरामद शराब का पूरा विवरण, हजारों की कीमत का माल जब्त
छापेमारी में 19 बोतल ऑफिसर्स चॉइस, 24 कैन हावर्ड 5000 बियर और 100 टेट्रा पैक ऑफिसर्स चॉइस शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
आरपीएफ की शिकायत के आधार पर साहिबगंज आबकारी विभाग ने उत्पाद अधिनियम के तहत कांड संख्या 50/26 दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।









