झारखंड : पाकुड़ के लिए खुशखबरी : 45.47 करोड़ से बनेगा शानदार बाईपास…जानें किन इलाकों के लोगों की चमक जाएगी किस्मत

विधायक निसात आलम की पहल रंग लाई, कैबिनेट से मिली बड़ी स्वीकृति

झारखंड के पाकुड़ जिले में लंबे समय से अटकी शहरकोल से प्यादापुर बाईपास सड़क परियोजना को आखिरकार नई गति मिल गई है। विधायक निसात आलम के लगातार प्रयासों के बाद इस योजना के लिए झारखंड कैबिनेट ने 45 करोड़ 47 लाख 31 हजार रुपये की राशि को मंजूरी दे दी है, जिससे अधूरा पड़ा काम अब जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

भू अर्जन से लेकर अन्य कार्यों के लिए मिली राशि

विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्वीकृत राशि का उपयोग भू अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, वृक्षारोपण और अन्य जरूरी कार्यों में किया जाएगा। धन की कमी के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना लंबे समय से रुकी हुई थी, जिसे अब पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बनी बात

निसात आलम ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर फंड की मांग की थी। इसके बाद इस प्रस्ताव को कैबिनेट बैठक में रखा गया, जहां इसे मंजूरी मिल गई। इस फैसले को क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

जाम से मिलेगी राहत, शहर को मिलेगा बेहतर ट्रैफिक सिस्टम

बाईपास सड़क के निर्माण पूरा होने के बाद पाकुड़ शहर में लगने वाले रोजाना के जाम से लोगों को राहत मिलेगी। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि व्यापार और आवागमन को भी गति देगी।

अधूरे कार्य पूरे करना प्राथमिकता, चौमुखी विकास पर जोर

विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के सभी लंबित कार्यों को पूरा करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के हर आयाम पर काम किया जा रहा है और आने वाले समय में और भी योजनाओं को गति दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close