झारखंड : पेपर लीक माफिया पर शिकंजा: रांची पुलिस की पटना में ताबड़तोड़ छापेमारी, कई ठिकानों पर दबिश
Noose Tightens on Paper Leak Mafia: Ranchi Police Conduct Rapid Raids in Patna, Swoop Down on Multiple Locations

रांची से जुड़े उत्पाद सिपाही बहाली प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। फरार परीक्षा माफियाओं की तलाश में टीम ने पटना के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की। बुद्धा कॉलोनी स्थित बाबा लॉज, बोरिंग रोड के एक अपार्टमेंट और मालसलामी क्षेत्र में पुलिस ने देर रात तक दबिश दी।
बाबा लॉज बना माफियाओं का ठिकाना, मुख्य आरोपी अब भी फरार
छापेमारी के दौरान बाबा लॉज में ठहरे कुछ युवकों से पूछताछ की गई, लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। जांच में सामने आया है कि मालसलामी निवासी अभिषेक उर्फ छोटू इसी लॉज को अपना ठिकाना बनाकर गतिविधियां संचालित कर रहा था।
नर्सिंग कॉलेज से खुला बड़ा राज, 159 अभ्यर्थी पकड़े गए थे
जांच के दौरान यह भी पता चला कि 11 अप्रैल की रात तमाड़ क्षेत्र के एक निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में जब पुलिस ने रेड की थी, तब अभिषेक और उसका सहयोगी सोनू मौके पर मौजूद थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों फरार हो गए। उस कार्रवाई में सात माफिया और 159 अभ्यर्थियों को पकड़ा गया था, जिन्हें कथित तौर पर प्रश्नपत्र और उत्तर याद कराए जा रहे थे।
मास्टरमाइंड अतुल वत्स, जेल से चला रहा था नेटवर्क
पूरे गिरोह का सरगना जहानाबाद निवासी अतुल वत्स बताया जा रहा है, जो फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक छोटू उसका करीबी सहयोगी है, जबकि सोनू ड्राइवर के रूप में काम करता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि प्रश्नपत्र लीक के लिए पटना सिटी के चुनचुन यादव के जरिए संपर्क साधा गया था।
व्हाट्सएप से भेजा गया पेपर, कई आरोपी रडार पर
पुलिस को जानकारी मिली है कि विकास नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए प्रश्नपत्र भेजा था, जो अब तक फरार है। इस पूरे नेटवर्क में पटना, गया, जहानाबाद और नवादा के कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पटना पुलिस भी होगी सख्त, रिमांड पर लिया जाएगा मास्टरमाइंड
अतुल वत्स के खिलाफ पटना के कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। अब पटना पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रांची पुलिस ने उसका पूरा आपराधिक रिकॉर्ड साझा कर दिया है, जिससे आगे की कार्रवाई और तेज होगी।








