रांची: झारखंड के प्राथमिक स्कूलों में 30 हजार हेडमास्टरों की नियुक्ति होगी। मिडिल स्कूल के अलावा प्राथमिक विद्यालयों में भी हेड मास्टर बहाल होंगे। जिन प्राथमिक स्कूलों में 150 से ज्यादा बच्चे नामांकित हैं वहां प्रधानाध्यापक रखे जाएंगे। ऐसे विद्यालय समेत अपग्रेड किए गए मिडिल स्कूलों में प्रधानाध्यापकों के पद सृजित किए जाएंगे। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

दो चरणों में होगी इन पदों पर भर्ती

राज्य में करीब 22 हजार प्राथमिक स्कूल और 13 हजार मिडिल स्कूल हैं। राज्य में 3296 मिडिल स्कूलों में ही प्रधानाध्यापक के पद सृजित हैं, जिनमें से मात्र 82 में हेडमास्टर कार्यरत हैं, बाकी खाली है। वहीं, करीब 9,729 प्राथमिक विद्यालय अपग्रेड हुए थे। इनमें प्रधानाध्यापकों के पद का सृजन बाकी है। इन स्कूलों में पहले प्रधानाध्यापकों का पद सृजन होगा। सरकार ने पिछले महीने से इन अपग्रेडेड स्कूलों में शिक्षकों के तीन-तीन पद यानि कुल 29,175 पद सृजित किए थे। इन स्कूलों को विज्ञान व गणित के 9729 , सामाजिक अध्ययन के 9729 वभाषा के 9717 पद सृजित हुए हैं। इन पदों पर दो चरणों में भर्ती होगी। पहले चरण में 14996 और दूसरे में 14,179 पदों पर भर्ती होगी।

प्राथमिक विद्यालयों में ज्यादा है हेड मास्टर की जरूरत

150 नामांकन पर भी राज्य के प्राथमिक स्कूलों में अभी प्रधानाध्यापक नहीं है। यहां स्कूल के वरीय शिक्षक प्रधान शिक्षक की भूमिका से काम करते हैं। अब इन स्कूलों में भी प्रधानाध्यापक देने की तैयारी है। जिन प्राइमरी स्कूलों में 150 से अधिक बच्चे होंगे वहां प्रधानाध्यापक का पद सृजित होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिलों से रिपोर्ट मांगी है। विभाग जानकारी जुटा रहा है कि कितने स्कूलों में 150 से कम और इससे अधिक छात्र छात्रा नामांकित है। इस आधार पर पद सृजन होगा। शिक्षा विभाग की मानें तो सभी स्कूलों में प्रधानाध्यापक के पद सृजित कर दिए जाएंगे। जब 150 से अधिक नामांकन हो जाएगा तो उनमें भी प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति की जा सकेगी।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...