रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने आज सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया है। चेन्नई में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया है। वह काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उनके असामयिक निधन से राजनीति की गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। नेता, मंत्री से लेकर आज जनता भी अपने टाइगर की याद में आंसू बहा रहे हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा है, अपूरणीय क्षति! हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे !

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के लिए यह किसी सदमे से कम नहीं है। उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा है, आज हम सभी ने अपना अभिभावक, झारखंड ने एक आंदोलनकारी और राज्य की जनता ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया । उन्होंने एक अभिभावक के रूप में हमेशा मुझे मार्गदर्शन दिया, कोरोना काल में उनके कार्य कुशलता ने हम सभी को प्रोत्साहित किया, खुद कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी उन्होंने कभी भी हार नहीं मानी और लड़ाई लड़ते रहे, आज भले ही वे म से हार गए, लेकिन टाइगर हमेशा जिन्दा था जिन्दा रहेगा अपने कर्मों से।

निशिकांत दुबे ने लिखा जगरनाथ महतो जी के निधन की सूचना सुन बहुत दुखी हूं मैं बाबा से उनकी आत्मा की शांति की कामना करता हूं और उनके परिवार के प्रति शोक प्रकट करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने लिखा, झारखंड सरकार के मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुःखद सूचना मिली है। लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है। राजनैतिक भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उनकी जीवटता का मैं सदैव प्रशंसक रहा हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। भावभीनी श्रद्धांजलि

झारखंड सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने लिखा है, शिक्षा मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के निधन की सूचना पाकर स्तब्ध हूं। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। श्री जगरनाथ महतो बड़े भाई समान थे। आप बहुत याद आएंगे जगरनाथ दा । विनम्र श्रद्धांजलि ! ॐ शांति !

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...