फर्जी IRS ने की महिला DSP से शादी, मेट्रोमोनियल साइट से हुआ था रिश्ता, जानिये रांची से कैसे जुड़ा है मामला

लखनऊ/रांची। खुद को IRS बताकर शातिर ने महिला DSP को ही ठग लिया। उसके साथ शादी कर ली और फिर धोखेबाजी शुरू कर दी। मामला यूपी का है, जहां लेडी सिंघम के नाम से चर्चित DSP श्रेष्ठा ठाकुर को मेट्रोमोनियल साइट के जरिए फर्जी IRS से शादी करना भारी पड़ गया। जिस युवक को IRS समझकर DSP ने शादी रचायी, वो दरअसल ठग निकला। शादी के बाद महिला पुलिस अधिकारी को अपने साथ हुए इस बड़े धोखे की जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। हालांकि धोखेबाज से DSP ने तलाक तो ले लिया, लेकिन वो अपनी पत्नी के नाम पर लोगों से अभी भी ठगी करता है। अब परेशान DSP गाजियाबाद के कौशांबी थाने में पूर्व पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक DSP श्रेष्ठा ठाकुर 2012 बैच की पुलिस अफसर है। राज्य पुलिस सेवा की ये अफसर अभी यूपी के शामली में तैनात हैं। अपनी कड़क मिजाजी और कार्यशैली की वजह से श्रेष्ठा ठाकुर काफी चर्चाओं में रहती है। शिकायत के मुताबिक 2018 में उनकी शादी रोहित राज नामक शख्स के साथ हुई थी, रोहित से उनकी मुलाकात एक मेट्रोमोनियल साइट के जरिए हुई थी। उसने खुद को 2008 बैच का IRS अधिकारी बताया था और रांची में डिप्टी कमिश्नर पद पर अपनी तैनाती बताई थी। महिला पुलिस अधिकारी के परिजनों ने आरोपी ठग के बारे में जांच पड़ताल भी की थी।

जांच में पता चला कि 2008 में रोहित राज नामक एक युवक हकीकत में आईआरएस के लिए चयन हुआ था। उसकी तैनाती रांची में बतौर डिप्टी कमिश्नर हुई थी। दरअसल ये सबकुछ मिलते-जुलते नाम की वजह से हुआ था, जिसके जरिए आरोपी ने श्रेष्ठा ठाकुर के साथ धोखाधड़ी की थी। जानकारी सही मिलने पर रोहित और श्रेष्ठा की शादी हो गई थी, लेकिन शादी के बाद जब सच सामने आया तो महिला पुलिस अधिकारी सन्न रह गई। उन्हें पता चल गया कि उनका पति कोई आईआरएस अधिकारी नहीं है, लेकिन शादी को बचाए रखने के लिए उन्होंने चुप रहना बेहतर समझा।

लेकिन, उनके पति की धोखाधड़ी की आदत बढ़ती गई. वो उनके नाम पर दूसरे लोगों से भी ठगी करने लगा. इससे तंग आकर डिप्टी एसपी श्रेष्ठा ठाकुर ने शादी के दो साल बाद अपने पति रोहित राज से तलाक ले लिया, लेकिन इसके बावजूद उस धोखेबाज ने अपनी करतूत नहीं छोड़ी। वो महिला पुलिस अधिकारी के तैनाती वाले जिलों में जाकर उनके नाम पर ठगी करने लगा। फिलहाल वो गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में आकर रह रहा है। उसके द्वारा लोगों से ठगी करने की शिकायत लगातार मिलने लगी, तो परेशान होकर श्रेष्ठा ठाकुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जांच की जा रही है। इसमें पैसों के धोखाधड़ी की बात भी सामने आई है। आरोपी ने महिला पुलिस अधिकारी से लाखों रुपए ठगे हैं।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

Next Story