रांची। निर्माणाधीन कांटाटोली फ्लाईओवर को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने जुडको के अधिकारियों तथा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कामों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाईओवर के निर्माण में पहले ही काफी विलंब हो चुका है, ऐसे में और विलंब नहीं हो, इस बाबत कार्य में तेजी लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे कांटाटोली फ्लाईओवर के चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट हर सप्ताह समर्पित करें, ताकि उसकी समीक्षा विस्तृत रूप से हो सकें। इससे कार्यों की निगरानी करने में भी सहूलियत होगी और जरूरत पड़ने पर आवश्यक निर्देश भी दिए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर राजधानी रांची के ट्रैफिक व्यवस्था के लिए काफी अहमियत रखता है।

मुख्यमंत्री ने 6 मार्च को कांटाटोली और सिरमटोली फ्लावर के चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसके निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाई ओवर के चालू होने से ट्रैफिक जाम से निजात मिल सकेगी। मुख्यमंत्री को जुडको के अधिकारियों ने बताया कि कांटाटोली फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और इस वर्ष अगस्त तक इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि जमीन अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग में विलंब होने की वजह कांटा टोली फ्लाईओवर का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ. लेकिन, अब तीव्र गति से निर्माण कार्य चल रहा है और अगस्त तक इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...