रांची। बेहद ही सादे समारोह में आज चंपाई सोरेन मुख्यंत्री पद की शपथ लेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण हो सकता है। इस शपथ ग्रहण में विपक्ष की तरफ से कोई शामिल नहीं होगा। महागठबंधन के ही तरफ से कुछ चुनिंदा नेता व विधायक शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद चंपाई सोरेन दिशोम गुरु से मिलने के लिये जा सकते हैं।

वहीं दोपहर तक मंत्रिमंडल के बंटवारा और फिर शाम में ही कैबिनेट की बैठक हो सकती है। माना जा रहा है कि आज का दिन काफी अहम होने वाला है। अब तक समय की पूरी जानकारी नहीं मिल पायी है, लेकिन दोपहर 12 बजे के आसपास शपथ ग्रहण हो सकता है। इससे पहले झारखंड में विधायक दल के नेता चुने गए चंपई सोरेन ने गुरुवार रात 11 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। राज्यपाल ने चंपई सोरेन का सरकार बनाने का न्योता दिया है।

चंपई को 10 दिनों के अंदर बहुमत साबित करना होगा। विधायकों को तोड़ने की गुंजाइश खत्म करने के लिए महागठबंधन के 38 विधायकों को गुरुवार को दो विशेष विमान से हैदराबाद भेजने की तैयारी थी मगर मौसम इसमें बाधक बना। दो घंटे से अधिक समय तक विमान में बैठकर मौसम साफ होने का इंतजार करने के बाद विधायक एयरपोर्ट से वापस लौट गए।

फिलहाल विधायकों को रांची स्थित सर्किट हाउस में ठहराया गया है। विधायक दिन में ही हैदराबाद जाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण दिल्ली से रांची विमान आने में भी देर हुई। इसी बीच देर शाम राज्यपाल ने चम्पाई को शपथ ग्रहण के लिए समय दे दिया।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...