Jharkhand Weather :आज से फिर झारखंड में बारिश की बूंदाबांदी, आज और कल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट

रांची। झारखंड का मौसम फिर बदलने वाला है। आज से झारखंड के मौसम में ठंडक फिर से बढ़ेगी। बादलों की वजह से बारिश की आंशका भी बढ़ गयी है। मौसम विभाग ने रांची के आसपास 6 फरवरी को बारिश की भी संभावना जताई है। इसके बाद से तापमान में बदलाव भी देखने को मिलेगा। राज्य के अलग-अलग हिस्से में मौसम का मिजाज अलग है। झारखंड के पश्चिमी, उत्तरी भाग स्थित पलामू और आसपास के जिलों में ठंड बढ़ गयी है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तरी पलामू और राजधानी के आसपास के जिलों में भी बादल छाएंगे। इसका प्रभाव छह फरवरी तक रहने की संभावना व्यक्त की गई है।वहीं, राज्य के दक्षिणी भाग में रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह में कुहासा छा रहा है। हालांकि, कुहासे का असर सुबह के आठ बजे तक ही रह रहा है। इसके बाद मौसम साफ हो जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक पलामू इलाके में काफी ठंड है। इन इलाकों में यूपी और छत्तीसगढ़ के नजदीकी क्षेत्र होने के कारण सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान भी यही स्थिति बनी रहेगी। लेकिन उसके बाद राज्य में बादल छाने से मौसम में फिर बदलाव होगा। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है. जिसकी वजह से अगले दो दिनों के बाद यानी 5 और 6 फरवरी को बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 5 फरवरी को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है.आगामी 6 फरवरी को राज्य के दक्षिणी, मध्य तथा उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है. बारिश होने से लोगों को ठंड थोड़ी सतायेगी. मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्य में कई स्थानों में मध्यम दर्जे की बारिश भी हुई. दो से चार फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।

Related Articles

close