रांची जब राज्य के आला अधिकारी ही राज्य के मुखिया का आदेश नहीं मानने लगे तो अन्य अधिकारी और कर्मचारी से अनुशासन और आदेश मानने की बात महज बेमानी होगी। दरअसल राज्य के ब्यूरोक्रेट्स के बीच एक चर्चा बहुत ही आम है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मनाही के बावजूद राज्य के विकास आयुक्त अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य ) अरुण कुमार सिंह सेमिनार में भाग लेने के लिए देश से बाहर क्यों चले गए।

अरुण कुमार सिंह मुख्य सचिव रैंक के अधिकारी हैं। सरकारी कामकाज के लिए उन्हें राज्य या देश से बाहर जाने के पहले सीएमओ से अनुमति लेनी होती है। लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बावजूद स्वास्थ्य सचिव विदेश दौरे पर अमेरिका चले गए ।खबर लिखे जाने तक वह अमेरिका में ही है, जबकि उनका दौरा रद्द करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्मिक और मंत्रिमंडल दोनों विभाग से अरुण कुमार सिंह को पत्र देकर अवगत कराया था। ऐसे में सीएम के आदेश की अवहेलना की खबर राज्य के शीर्ष ब्यूरोक्रेसी में फिलहाल चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

विदेश जाने का प्रयोजन

1 से 6 अगस्त तक कोंटेजना कोलंबिया में वर्ल्डशिप – 7 कार्यक्रम है। इसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को भाग लेना था। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कार्यवाही शुरू की गई थी। जिसमें विभागीय मंत्री बन्ना गुप्ता और सचिव स्वास्थ्य अरुण कुमार सिंह के अमेरिका यात्रा जाने का प्रस्ताव था। पर मुख्यमंत्री सोरेन ने विधानसभा सत्र को देखते हुए विदेश यात्रा के प्रस्ताव को रद्द कर दिया था।

मंत्रिमंडल की मनाही के बावजूद अरुण कुमार सिंह नहीं माने

कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने सीएम के आदेश फाइल संख्या 4729 दिनांक 28.7. 2022 से अरुण कुमार सिंह को उनके नहीं जाने की विधिवत सूचना दी थी। इसके बावजूद अरुण कुमार सिंह अमेरिका चले गए। दिलचस्प बात यह है कि कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा विदेश यात्रा को रद्द करने की जानकारी दिए जाने के अलावा कैबिनेट डिपार्टमेंट द्वारा भी इसकी सूचना दी गई थी। इसके बावजूद अरुण सिंह ने दौरा रद्द नहीं किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने मनाही के बाद रद्द किया दौरा

कोलंबिया में होने वाले स्वास्थ्य संबंधी आयोजन के लिए जब मंत्री बन्ना गुप्ता और सचिव का प्रस्ताव बना तो विदेश जाने की अनुमति के लिए फाइल सीएम कार्यालय पहुंची। सीएम हेमंत सोरेन ने विधानसभा सत्र का हवाला देते हुए विदेश यात्रा रद्द कर दिया। हेमंत सोरेन की बात स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने तो मान ली लेकिन स्वास्थ सचिव अरुण कुमार सिंह ने उनकी बात नहीं मानी ।कार्मिक और मंत्रिमंडल के निर्देश को भी स्वास्थ्य सचिव ने नहीं माना।शीर्ष ब्यूरोक्रेट्स में चर्चा भी हो रही है क्या ऐसी आचरण के लिए सीएम कार्यालय की तरफ से सचिव अरुण कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है?

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...