झारखंड : हजारीबाग स्कूल में बड़ा विवाद…छात्राओं से दुराचार के आरोप में हेडमास्टर सस्पेंड…केस दर्ज
छात्राओं की शिकायत पर प्रशासन का सख्त एक्शन, देर रात जारी हुआ आदेश

हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेरा में छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार और छेड़खानी के गंभीर आरोप सामने आने के बाद हेडमास्टर महेंद्र प्रसाद राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपायुक्त कार्यालय की गोपनीय शाखा से देर रात जारी आदेश के अनुसार उनके खिलाफ चरही थाना में मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
निलंबन के दौरान नई जिम्मेदारी तय, स्कूल में नई प्रभारी की नियुक्ति
प्रशासन ने निलंबन अवधि के दौरान महेंद्र प्रसाद राणा का मुख्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय तय किया है। वहीं स्कूल के संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपरा उर्दू, चुरचू में पदस्थापित पुष्पलता कुमारी को बहेरा स्कूल का प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया है।
तीन सदस्यीय जांच टीम गठित, 24 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इस टीम में उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देवप्रिया को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा और कार्यपालक दंडाधिकारी सना उस्मानी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जांच दल को 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो दर्जन छात्राओं के आरोप से मचा हड़कंप, बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान
बताया जा रहा है कि इस मामले में दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने हेडमास्टर पर दुराचार और छेड़खानी के आरोप लगाए हैं। मामला बाल कल्याण समिति के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई की गई।
अभिभावकों में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सभी ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।









