रिश्तों का कत्ल: सिरफिरे दामाद ने ससुर, पत्नी और साली को चाकू से गोदा…एक की मौत से मचा कोहराम!
Murder of relationships: A deranged son-in-law stabbed his father-in-law, wife, and sister-in-law; one person's death caused an uproar!

झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दामाद ने आपसी विवाद के बाद अपनी पत्नी, ससुर और साली पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी की पहचान हैदरनगर के सोवा भरवा निवासी लवकुश यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी कुछ वर्ष पहले पूजा कुमारी से हुई थी, जो गम्हरिया निवासी सुनील यादव की बेटी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लवकुश यादव दिल्ली में मजदूरी करता था। गुरुवार देर शाम वह दिल्ली से अपने ससुराल लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी और ससुर के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू से ससुर, पत्नी और साली पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील यादव की मौत हो गई। पत्नी और साली की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।









