रांची : पश्चिम बंगाल में एक साइक्लोन बना है, जिसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा. झारखंड के पूर्वी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गयी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है. रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निकट हिनू रूड स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि झारखंड में कहीं-कहीं वर्षा के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है. अत: लोगों को सावधान और सचेत रहने की जरूरत है.

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ फिरोजपुर, करनाल, मेरठ, आजमगढ़, पटना, देवघर, डायमंड हार्बर से गुजर रहा है. वहीं, एक ट्रफ पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश से दक्षिण असम में एक ट्रफ था, जो अब पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश से पूर्वी असम होते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है. इतना ही नहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के बीच हिमालयी क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ हैं।

रांची समेत इन जिलों में होगी 25 अगस्त को बारिश, येलो अलर्ट

साइक्लोन के असर से झारखंड में कई जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं. 25 अगस्त को जिन जिलों में वर्षा का येलो अलर्ट रांची स्थित मौसम केंद्र की ओर से जारी किया गया है, उनमें पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं. मौसम केंद्र ने कहा है कि 24 से 27 अगस्त तक झारखंड के सभी जिलों में बारिश होगी, ऐसा अनुमान है

मौसम विभाग ने 26 अगस्त को भी प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और वज्रपात की आशंका व्यक्त की है. साथ ही कहा है कि आने वाले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जागी. इसके बाद दो-तीन दिन तक उच्चतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होता नहीं दिख रहा है. झारखंड के अधिकतर हिस्से में बारिश होने के बावजूद रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज, बोकारो और चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है. रांची और बोकारो का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है.

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...