बंधु तिर्की क्यों अपनी ही सरकार में जता रहे हैं साजिश की आशंका, मुख्यमंत्री से किस मामले में की जांच की मांग, अधिकारी, कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी की बर्खास्तगी व संपत्ति जांच कराने…

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने जिला अभिलेखागार कार्यालय में चोरी के मामले में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को तुरंत बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की है। बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री ने मांग की है कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की संपत्ति की जाँच के साथ ही उनके सभी संपर्को और संलिप्तता की जाँच कर सख़्त कार्रवाई की जाये।

बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड की जमीन को लूटने का काम किया जा रहा है। इसमें लुटेरों, दलालों, जलसाजों, अधिकारियों और कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। उन्होंने रांची कचहरी में अवस्थित लैंड रिकॉर्ड रूम में चोरी की घटना पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह सामान्य चोरी की घटना नहीं है बल्कि इसकी पृष्ठभूमि में वैसे जमीन दस्तावेजों को गायब करने की चाल है जिसमें जमीन माफिया तत्वों की मिलीभगत से हेरफेर किया गया है।

चार सुरक्षाकर्मियों के रहते चोरी की घटना पर असामान्य बताते हुए उन्होंने कहा कि साजिश के तहत इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया, ताकि जमीन की हेराफेरी की जा सके। उन्होंने वारदात के वक्त सीसीटीवी को बंद रहने को भी साजिश का हिस्सा बताया। थाने में दर्ज शिकायत में भी जमीन के दस्तावेज में बदलाव और छेड़छाड़ की आशंका जतायी गयी है।

बंधु तिर्की ने कहा कि जब राजधानी में इस तरह की वारदात हुई है, तो समझा जा सकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किस तरह की घटनाएं होती होगी। उन्होंने मामले में साजिश की आशंका जतायी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण में जांच की मांग की है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

Next Story