दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर में हुए भीषण नक्सली हमले में 10 जवानों की शहादत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद आज शहीद जवानों को अंतिम विदाई देने के लिए दंतेवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदों के शव को कांधा दिया और रोते बिलखते परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के अलावे डीजीपी अशोक जुनेजा ने भी शहीदों के ताबूत को अपने कांधे पर उठाया। इस दौरान श्रद्धांजलि स्थल पर परिजनों के करूण कंद्रन से माहौल काफी गमगीन हो गया था।

यहां देखें वीडियो…

कल शाम एक IED ब्लास्ट से नक्सलियों ने जवानों से भरी गाड़ी को नक्सलियों ने उड़ा दिया था। इस दौरान डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गये थे, वहीं 1 ड्राइवर की भी मौत हो गयी थी। ये घटना दंतेवाड़ा के अरनपुर क्षेत्र में हुई थी। जवानों की शहादत पर बुधवार की देर रात मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी मीटिंग ली थी और सुबह दंतेवाड़ा के लिए रवाना हुए थे।

मुख्यमंत्री बोले- शहादत नहीं जायेगी बेकार

शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर भूपेश बघेल ने मीडिया से कहा, हमारे जवानों ने नक्सलियों से लड़ते हुए आहूति दी है। ये शहादत बेकार नहीं जाएगी। अब लड़ाई और तेजी से लड़ी जाएगी। हमारे जवान, नक्सलियों को जंगल में घेरकर मारते हैं और उन्हें गिरफ्तार भी करते हैं। नक्सलियों को अब और ज्यादा नुकसान होगा। उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।बुधवार को हुए नक्सली हमले में डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए। और एक सिविलियन ड्राइवर की भी मौत हुई है। सभी जवान एक पिकअप वैन में सवार थे और दंतेवाड़ा के अरनपुर में ये वैन आईईडी की चपेट में आ गई थी। डीआरजी के जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर अपने नापाक मंसूबों को अंजाम दिया।

10 जवान हुए थे शहीद


शहीद जवानों में सर्वश्री जोगा सोढ़ी पोलमपल्ली सुकमा, मुन्ना कड़ती तुमनार दंतेवाड़ा, संतोष तामो भांसी दंतेवाड़ा, दुलगो मंडावी कटेकल्याण दंतेवाड़ा,लखमू राम मड़कामी भैरमगढ़ बीजापुर, जोगा कवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, हरिराम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जयराम पोडियाम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जगदीश कुमार कोवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, राजू राम करटम कटेकल्याण दंतेवाड़ा और वाहन चालक धनीराम यादव गीदम दंतेवाड़ा है।

मुख्यमंत्री ने ली थी इमरजेंसी मीटिंग


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में हुए नक्सली हमले के संबंध में बुधवार की देर रात उच्च स्तरीय बैठक ली और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू उक्त नक्सली हमले को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस आपातकालीन बैठक में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव अंकित आनंद, पुलिस महानिरीक्षक गुप्तवार्ता अजय यादव उपस्थित रहे।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...