माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिले के सभी स्कूलों में NCC की स्थापना को लेकर सौंपा ज्ञापन…

गढ़वा झारखण्ड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ गढ़वा जिला के अध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एन0 सी0 सी0 डालटनगंज पलामू के समावेशी पदाधिकारी कर्नल अमिताभ मुखर्जी के नाम एक मांग पत्र सौंपा। संघ की मांग गढ़वा जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में छात्र हित में एन0 सी0 सी0 की स्थापना करने के संबंध में एक ज्ञापन सूबेदार मेजर कुलदीप खलखो को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि गोपीनाथ सिंह महिला कॉलेज गढ़वा के प्रांगण में एन0 सी0 सी0 के द्वारा 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक जिले के माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग पाँच सौ छात्रों को कैम्प आयोजित कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षणोपरांत सभी सफल छात्रों को ए0,बी0 या सी0 सर्टिफिकेट प्रदान किया जायेगा। आयोजित कैम्प में पहुंचकर झारखण्ड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई गढ़वा के संघीय पदाधिकारियों ने सूबेदार मेजर कुलदीप खलखो एवं हवलदार हिमांशु अहीर से मिलकर शेष विद्यालयों में एन0 सी0 सी0 की स्थापना करने से संबंधित कई जानकारियां प्राप्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गढ़वा जिले में कुल 92 माध्यमिक विद्यालय हैं और इनमें से 35 माध्यमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षक कार्यरत हैं। परन्तु, अभी तक मात्र तीन माध्यमिक विद्यालयों (राजकीयकृत गोविन्द प्लस टू उच्च विद्यालय, राजकीयकृत रामसाहु प्लस टू उच्च विद्यालय एवं राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय मेराल,प्रक्रियाधीन) में ही एन0 सी0 सी0 की स्थापना हो सकी है। जो अत्यंत ही खेद का विषय है। जिले के शेष विद्यालयों के छात्र इस सुविधा से वंचित रह जा रहे हैं। संघ ने ये मांग भी किया की शेष 90 (नब्बे ) विद्यालयों में भी एन0 सी0 सी0 की स्थापना की जाये ताकि अध्ययनरत छात्रों को शारीरिक, मानसिक एवं नियोजन के क्षेत्र में लाभ प्राप्त हो सके और साथ ही साथ इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों ख़ासकर शारीरिक शिक्षकों को भी सीटीओ/ए0 एन0ओ0 का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिलासचिव नागेंद्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण कुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष सरफुल्लाह अंसारी, विद्यालय परीक्षा समिति अध्यक्ष रिंकू कुमार पासवान, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, सक्रिय शिक्षक ब्रजेश कुमार पाण्डे, वरीय शिक्षक राजाराम पासवान आदि उपस्थित थे।









