साहिबगंज: झारखंड में श्रद्धा हत्याकांड जैसा कांड दोहराया गया। साहिबगंज जिले के कथित तौर पर प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या कर उसके शव के कई टुकड़े करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम स्थानीय लोगों ने बोरियों प्रखंड अंतर्गत बोरियों संथाली पंचायत के मोमिन टोला में नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र के पीछे शव का टुकड़ा पड़ा हुआ देखा। लोगों ने देखा कि कुत्ते पैर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों को नोच नोच कर खा रहे हैं। लोगों ने इस बात से पंचायत के मुखिया को अवगत कराया। मुखिया के बेटे मनोज दास ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर बोरियो थाना प्रभारी जगन्नाथ पान और एएसआई करुण कुमार राय दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

थाना प्रभारी जगन्नाथ पाल ने एएसआई करण कुमार राय के साथ मिल कर छानबीन शुरू की। बेला टोला से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने आंगनवाड़ी केंद्र से करीब 300 मीटर दूर स्थित मांस टोला के एक बंद पड़े मकान से शव के कई और टुकड़े भी बरामद किए। कुछ टुकड़े फर्श पर बिखरे हुए थे तो वहीं कुछ टुकड़ों को बोरे में भरकर रखा गया था। आरंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि मृतिका आदिम पहाड़ी जनजाति समुदाय की है। वहीं आरोपी समुदाय विशेष का है। पुलिस की आरंभिक जांच के मुताबिक युवक और मृतिका ने प्रेम विवाह किया था और बीते कुछ दिनों से साथ रह रहे थे।

देर रात घटना की जानकारी मिलने के बाद साहिबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ बोरियों पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने वरीय अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ अभी भी बोरियों में ही कैंप किया हुआ है। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी तक पीड़ित या आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है। हालांकि कहा जा रहा है कि पीड़िता आदीम पहाड़िया जनजाति समुदाय की थी और डोडा पहाड़ की रहने वाली थी। हत्या की वजह क्या थी फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...