लोहरदगा: वर्दी पर लोहरदगा में एक बेहद ही शर्मनाक आरोप लगा है। दो जवानों पर महिला के साथ गैंगरेप का आरोप लगा है। पुलिस पर लगे इस आरोप के बाद अब जांच शुरू हो गयी है। वहीं महिला की हालत गंभीर बतायी जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित सेरेंगदाग थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है। यहां एक विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए बुधवार की अहले सुबह लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में सेरेंगदाग पिकेट के दो जवानों पर दुष्कर्म का आरोप लग रहा है। हालांकि, फिलहाल पुलिस मामले में विस्तृत जानकारी देने से इंकार कर रही है। हालांकि पुलिस ये जरूर मान रही है कि महिला के साथ रेप की घटना हुई है। पुलिस जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक महिला खेत में घास काटने के लिए गई हुई थी। तभी शराब के नशे में दो लोगों ने उस महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। डीएसपी परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दुष्कर्म की घटना में शामिल लोग कौन हैं। बावजूद जिन लोगों ने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक दोषी कोई भी हो बचेगा नहीं। जरूर पड़ी तो शिनाख्त परेड के जरिए दोषी की शिनाख्त की जाएगी।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...