Jharkhand Loksabh Nomination : झारखंड में पहले चरण की चार संसदीय सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा तथा पलामू में चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। गुरुवार को ही नामांकन शुरू हो गया है, लेकिन आज से भाजपा प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जिन चार सीटों के लिए नामांकन चल रहा है, उसमें तीन सीटें सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा एसटी के लिए आरक्षित हैं, जबकि पलामू एससी के लिए आरक्षित है।

एनडीए उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के आने की बात चल रही है। भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार खूंटी में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के नामांकन के दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।

वहीं पलामू सीट से वीडी राम के नामांकन के दौरान जनरल वीके सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। वहीं आज सिंहभूम में होने जा रहे गीता कोड़ा के नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश के दूसरे नेता मौजूद रहेंगे। लोहरदगा सीट से नामांकन के दौरान भी इन्हीं के रहने की बात है।

कब और करेगा नामांकन दाखिला
लोकसभा : नाम : तारीख
• सिंहभूम : गीता कोड़ा : 22 अप्रैल
• खूंटी : अर्जुन मुंडा : 23 अप्रैल
• लोहरदगा : समीर उरांव : 24 अप्रैल
• पलामू : वीडी राम : 24 अप्रैल
• कोडरमा : अन्नपूर्णा देवी : दो मई
• हजारीबाग : मनीष जायसवाल : एक मई
• गिरिडीह : सीपी चौधरी : छह मई
• धनबाद : ढुलू महतो : 30 अप्रैल
• रांची : संजय सेठ : दो मई
• जमशेदपुर : विद्युत वरण महतो : 30 अप्रैल
• राजमहल : ताला मरांडी : 10 मई
• दुमका : सीता सोरेन : 10 मई
• गोड्‌डा : निशिकांत दुबे : 10 मई

इन सीटों पर घोषित प्रत्याशी
बता दें कि एनडीए तथा आइएनडीआइए ने इन चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दी है। सिंहभूम में भाजपा ने गीता कोड़ा (Geeta Koda) तथा झामुमो (JMM) ने जोबा मांझी (Joba Manjhi) को प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह, खूंटी में एक बार फिर अर्जुन मुंडा (भाजपा), और कालीचरण मुंडा (कांग्रेस) आमने-सामने होंगे। लोहरदगा में भाजपा ने समीर उरांव एवं कांग्रेस ने सुखदेव भगत तथा पलामू में भाजपा (BJP) ने वीडी राम तथा राजद (RJD) ने ममता भुइयां को टिकट दिया है।

इतनी है मतदाताओं की संख्या
इन चारों सीटों पर 13 मई को मतदान होना है। ये चारों सीटें राज्य के 10 जिलों तथा 23 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करती हैं। पहले चरण की चारों सीटों में मतदान के लिए कुल 7,595 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 639 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं, जबकि 6,956 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्राें में हैं।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...