Rain Alert In Jharkhand: 3 दिनों तक झारखंड में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में बुधवार से लगातार तीन दिन बारिश होने की संभावना जतायी गई है। अगले 24 घंटों के दौरान रांची समेत इसके आसपास और दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के अंदर कहीं-कहीं वज्रपात होने की घटना भी हो सकती है। राज्य में मानसून अभी शिथिल है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में होने वाले बदलाव के कारण इसके जोर पकड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य खाड़ी के पूरब में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब मध्य खाड़ी से लेकर इसके उत्तरी हिस्से तक कायम है। अगले 24 घंटों में इसके निम्न दबाव से गहरे निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित होने का पूर्वानुमान है। यह ओडिशा के दक्षिण और आंध्रप्रदेश के उत्तरी भाग से होकर पश्चिम उत्तर की दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके अलावा एक अन्य सिस्टम यूपी के दक्षिण-पश्चिमी भाग में कायम साईक्लोनिक सर्कुलेशन से लेकर मध्य बंगाल की खाड़ी तक बन गया है। यह छत्तीसगढ़ और झारखंड से होकर गुजर रहा है, जबकि मानसून टर्फ देश के पश्चिम भाग में स्थित जैसलमेर, शिवपुरी, रांची, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विद्यमान है। इन कारणों से झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना बनी है।

राज्य में बुधवार से मानसून सक्रिय हो रहा है। इससे राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश होने का अनुमान है। मानसून टर्फ रांची से गुजर रहा है।

अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, रांची
HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

Next Story