रांची। बर्ड फ्लू को लेकर झारखंड में सियासी तकरार शुरू हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने बर्ड फ्लू के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने के बजाय, जहां ज्यादा भूनकर खाने की सलाह दे दी, तो वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे स्वास्थ्य मंत्री का सड़क छाप ज्ञान करार दिया।

दरअसल आज बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, ताजा हालात को देखते हुए पशुपालन मंत्री इस पर संज्ञान लेंगे। वह इस पर कार्यवाही करेंगे। जब उनसे यह कहा गया कि लोग डरे हुए हैं,तो उन्होंने कहा कि इससे कोई डरने की जरूरत नहीं है। जब-जब बर्ड फ्लू आया है तब तब उन्होंने अधिक चिकन खाया है।

स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान के बाद भाजपा के विधायक दल नेता बाबूलाल मरांडी ने इसे स्वास्थ्य मंत्री का सड़क छाप ज्ञान करार दिया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार बर्ड फ्लू को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। जब राजधानी रांची सहित राज्य के दूसरे जिलों में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ रहा है, तो ऐसे में मंत्री का यह बयान सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि

“बर्ड फ्लू से डरना नहीं है, उसको ज्यादा आग में भूलकर खाना है। यह सड़क छाप ज्ञान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री के हैं। जब राज्य के मुखिया ही पैसों को गाड़ कर रखने की सलाह देते हो, तो उनके मंत्री ऐसे ज्ञान बाचेंगे ही। धन्य है सोरेन जी की सेना के ऐसे सिपाही”

झारखंड में बर्ड फ्लू अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। बोकारो के बाद राजधानी रांची के कई जगहों से बर्ड् फ्लू से मुर्गे मुर्गियों की मौत की खबर आ रही है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। होली के ठीक पहले मुर्गे मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी रांची में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के सरकारी आवास में बर्ड फ्लू से मुर्गे मुर्गियों की मौत हुई है। पशुपालन विभाग ने इसकी पुष्टि की है। इसके पहले बड़ी संख्या में बोकारो में भी मुर्गे मुर्गियों की मौत हुई थी, जिसके बाद रांची से एक टीम को वहां जांच के लिए भेजा गया था। लेकिन रांची में भी अब तेजी से बर्ड फ्लू बढ़ रहा है। ऐसे में होली के पहले बर्ड फ्लू सिर्फ जिला प्रशासन ही नहीं बल्कि राज्य सरकार के लिए बड़ी चुनौती हो गई है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...