रामगढ़। जेल की सजा मिलने के बाद भी पूर्व विधायक ममता देवी की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। नया मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है। झारखंड हाईकोर्ट के वकील सुनील कुमार महतो ने झारखंड पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में लिखित शिकायत कर आरोप लगाया है कि महज तीन साल में ममता देवी ने आय से 56.32 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। ये शिकायत तब हुई है, जब 27 फरवरी को रामगढ़ में उप चुनाव है और ममता देवी के पति चुनाव मैदान में कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर जीत की दावेदारी पेश कर रहे हैं।

झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील कुमार महतो ने ईडी और एसीबी को पत्र लिखकर बताया है कि पूर्व विधायक ममता देवी ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच 56.32 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने पत्र में बजाप्ता आंकड़े भी बताए हैं। उन्होंने पत्र लिखकर मामला दर्ज करने, जांच करने और कार्रवाई करने की गुजारिश की है।

रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी के आयकर रिटर्न के अनुसार विधायक बनने के बाद साल 2020-21 से साल 2022-23 तक तीन साल में उनकी कुल संपत्ति 21,26, 010 रुपये रही। जो क्रमश : 2020-21 में 4,98, 650, 2021-22 में 8, 09, 990 और 2022-23 में 8,17, 370 रुपये रही। साल 2019 में विधानसभा चुनाव के दौरान ममता देवी ने अपने शपथ पत्र में 8, 34, 688.33 रुपये की चल संपत्ति की घोषणा की थी। साल 2019 में घोषित संपत्ति और विधायक बनने के बाद अर्जित आय को मिला कर 29, 60, 698.33 रुपये होती है।

शिकायत पत्र में इस बात का जिक्र है कि 2023 में रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में ममता देवी के पति बजरंग महतो ने दाखिल शपथ पत्र में जिक्र किया है कि ममता देवी के नाम पर चल संपत्ति के रूप में 76 लाख 27 हजार 207 रुपये हैं। विधायक बनने के बाद ममता देवी ने पोटमदगा और लोटवा गांव में 9.66 लाख रुपये में 96.5 एकड़ जमीन खरीदी है। इसका वर्तमान बाजार मूल्य 15 लाख रुपये बताया गया है।

अधिवक्ता सुनील कुमार ने रामगढ़ चुनाव में 2019 में ममता देवी के द्वारा दाखिल शपथ पत्र और 2023 में रामगढ़ उपचुनाव में उनके पति बजरंग महतो के माध्यम से दाखिल शपथ पत्र के हवाले से यह आरोप लगाया है और इससे संबंधित दस्तावेज भी एसीबी को सौंपा है।
एसीबी के डीजी के नाम से लिखे गए आवेदन में अधिवक्ता सुनील कुमार महतो ने लिखा है कि ममता देवी के आयकर रिटर्न के अनुसार, 2019 में विधायक बनने के बाद तीन वर्षों में ममता देवी की कुल आय 21 लाख 26 हजार रुपये रही।

2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता देवी ने कुल आठ लाख 34 हजार 688 रुपये 33 पैसे की चल संपत्ति दिखाई थी और अपने घोषणा पत्र में अचल संपत्ति शून्य बताया था। 2019 में घोषित संपत्ति और विधायक बनने के बाद अर्जित आय मिलाकर ममता देवी की कुल संपत्ति 29 लाख 60 हजार 698 रुपये 33 पैसे की होती है। इसके बावजूद उनके एसबीआई की डोरंडा शाखा के बैंक खाते में ही 42 लाख 21 हजार 936 रुपये जमा हैं।

आपको बता दें कि सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी से विधायक रहीं ममता देवी की गोला गोलीकांड में सजा होने के बाद उनकी विधायकी चली गयी। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। पूर्व विधायक ममता देवी के पति बजरंग महतो कांग्रेस पार्टी से उम्मीदवार हैं।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...