झारखंड: बहन की गला काटकर की हत्या, फिर भाई ने खुद रेलवे ट्रैक पर दी जान, वारदात ने पुलिस को भी उलझाया, वजह की तलाश में जुटी पुलिस…
Jharkhand: Brother Slits Sister's Throat, Then Ends His Own Life on Railway Tracks; The Crime Leaves Police Baffled as They Scramble to Uncover the Motive.

झारखंड के पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 16 वर्षीय लड़की की गला काटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके ममेरे भाई का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है।
________________________________________
पलामू। एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर प्रखंड के कौड़िया पंचायत अंतर्गत बखारी गांव के पीपरडीह टोला में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की गला काटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके 22 वर्षीय ममेरे भाई का शव रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है।
बताया जा रहा है कि मृतका खुशबू कुमारी अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। रविवार रात वह अपने ममेरे भाई बिट्टू कुमार सिंह उर्फ टिंकू के साथ एक ही कमरे में सो रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने घर में रखे टांगी (धारदार हथियार) से खुशबू पर हमला कर दिया।
हमले में खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक घर से फरार हो गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। सुबह होते ही इस वारदात की खबर पूरे गांव में फैल गई और लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।
इसी बीच सोमवार सुबह एक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया, जब आरोपी ममेरे भाई बिट्टू कुमार सिंह का शव रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद युवक ने आत्महत्या कर ली, हालांकि इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया। मामले की जांच तेजी से की जा रही है। सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है, क्योंकि दोनों एक ही कमरे में मौजूद थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।









