झारखंड: कर्मचारियों को मिलने वाला है बड़ा तोहफा, DA होगा बेसिक सैलरी में मर्ज, हाउस रेंट और ग्रेच्युटी में भी होगी बढोत्तरी, कैबिनेट में लगेगी मुहर

रांची। झारखंड सरकार के कर्मचारियों को जल्द ही तोहफा मिलने वाला है। प्रदेश के 3.50 लाख राज्यकर्मियों का महंगाई भत्ता मर्ज होगा, वहीं ग्रेच्युटी-हाउस रेंट में भी बढ़ोतरी होगी। दरअसल कर्मचारी लंबे समय से ग्रेच्युटी और हाउस रेंट में बढ़ोत्तरी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन आचार संहिता की वजह से निर्देश जारी नहीं हो सके। लेकिन,5 जून से आचार संहिता खत्म हो जायेगा, जिसके बाद अब शासकीय काम सामान्य तरीके से संचालित हो सकेंगे।

आपको बता दें कि केंद्र सरकार की तरह ही राज्य के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 फीसदी बढोत्तरी के साथ 50 प्रतिशत हो गया है। सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुसार जब भी डीए 50 फीसदी होता है, तो उसे कर्मचारी की बेसिक सैलरी में मर्ज कर दिया जाता है। इससे हाउस रेंट सहित अन्य भत्तों में बढ़ोतरी हो जाती है।राज्य कर्मचारियों का चार फीसदी महंगाई भत्ता तो बढ़ा, लेकिन आचार संहिता का हवाला देकर HRA में वृद्धि नहीं की गयी।

डीए मर्ज नहीं होने और हाउस रेंट में वृद्धि नहीं होने से राज्य के लगभग 3.5 लाख कर्मचारी निराश हैं। ऐसे में आचार संहिता खत्म होने के बाद जल्द ही सरकार इस पर कोई निर्णय लेगी। यदि कर्मचारी का मूल वेतन 1000 रु. और महंगाई भत्ता में 500 रु. मिलता है, तो मर्ज के बाद राशि 1500 रु. हो जाएगी। नए बेसिक के अनुसार ग्रेच्युटी की राशि में 25% की वृद्धि होगी। इससे ग्रेच्युटी की 20 लाख से बढ़कर 25 लाख रुपए हो जाएगी।

हाउस रेंट में भी वृद्धि होगी। एक्स कैटेगरी के शहरों में हाउस रेंट 27% की जगह मूल वेतन का 3% होगा। वाई कैटेगरी के शहरों में हाउस रेंट 18% की जगह 20% और जेड कैटेगरी की शहरों में 9% से बढ़कर 10% हो जाएगा। माना जा रहा है कि कैबिनेट की पहली बैठक में ही कर्मचारियों को बढे हुए महंगाई भत्ता के बाद मिलने वाले लाभ की बढोत्तरी हो जायेगी।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles

Next Story