झारखंड ब्रेकिंग: नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, CRPF इंस्पेक्टर गंभीर रूप घायल, आपरेशंस के दौरान नक्सलियों के बारुदी सुरंग विस्फोट…

Jharkhand Breaking: Naxals carried out IED blast, CRPF Inspector seriously injured, Naxals' landmine blast during operations...

Jharkhand Naxal News : झारखंड में नक्सल हमले से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में एक IED ब्लास्ट हुआ है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम नक्सल विरोधी अभियान हुए IED विस्फोट में सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के इंस्पेक्टर केके मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

 

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन की टीम सारंडा क्षेत्र के समठा की पहाड़ी में नियमित सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इलाके में तेज धमाके की आवाज गूंजी और आसपास की जमीन हिल गई।

 

घटना में इंस्पेक्टर केके मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल साथियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर पहले नजदीकी कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर ओडिशा के राउरकेला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर उन्हें रांची के राज अस्पताल में एयरलिफ्ट किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि शनिवार सुबह तक उन्हें रांची रेफर किए जाने की संभावना है।

 

इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने इलाके में कई स्थानों पर आईईडी बिछा रखे हैं, ताकि सुरक्षाबलों की गतिविधियों को रोका जा सके। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और मामले की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।

 

सारंडा में बढ़ रही IED घटनाएं

सारंडा क्षेत्र झारखंड का एक नक्सल प्रभावित इलाका है, जहां सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। लेकिन घने जंगलों और पहाड़ी इलाके की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

हाल के महीनों में यहां आईईडी विस्फोटों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं।

• 8 अगस्त 2025 को सीआरपीएफ की 209वीं कोबरा बटालियन के दो जवान — राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप — आइईडी विस्फोट में घायल हुए थे।

• 22 मार्च 2025 को सीआरपीएफ की 193वीं बटालियन के सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल और हेड कांस्टेबल पार्थ प्रतिम डेका घायल हुए थे, जिनमें मंडल की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

• 12 अप्रैल 2025 को झारखंड जगुआर के एक कांस्टेबल की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य सीआरपीएफ जवान घायल हुआ था।

Related Articles

close