रांची। झारखंड में मानसून की इंट्री से मौसम सुहाना बनता जा रहाहै। तेज गरमी से लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन आकाशीय बिजली कई लोगों की जान भी अब तक ले चुकी है। मानसून की पहली ही बारिश में दर्जन भर लोगों की मौत वज्रपात से हो चुकी है। राज्य में 21 जून को संथाल और कोल्हान क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश और 22 जून को दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों के लिए बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में बारिश भी हुई. 21 से 23 जून के बीच पूरे झारखंड में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट भी जारी किया गया है. राज्य में अधिकतम में 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की कमी आई है।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में दक्षिणी पश्चिमी मानसून प्रवेश किया है. संथाल के गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका समेत अन्य 2 जिलों में भी बारिश हो रही है. इसके अगले 3 से 5 दिनों में पूरे झारखंड में कायम होने की संभावना है. पलामू में अगले 24 घंटे उष्ण सहर चल सकती है. 21 को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिणी पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

इधर झारखंड मौसम केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में राज्य के 24 में से 15 जिलों में झमाझम बारिश कराई है। संभावना जताई गई है कि आगामी 23 जून तक रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, देवघर, धनबाद, चाईबासा, गोड्डा, कोडरमा, सिमडेगा और दुमका जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।

24 घंटे में राज्य के दुमका जिले के मसानजोर में सबसे अधिक 73 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बताया गया है कि इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के सभी जिलों के तापमान में अगले दो से तीन दिनों में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 21 से लेकर 23 जून तक राज्य में सभी स्थानों पर मानसून की वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। राज्य के अलग-अलग इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान वज्रपात की कई घटनाएं हुई हैं, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...